/newsnation/media/media_files/2025/05/19/lVCB8AKggabFMpoNedfJ.jpg)
Weather Updates: देशभर में मौसम एक बार फिर करवट लेने को तैयार है। जैसे-जैसे मानसून केरल के तटीय इलाकों की ओर बढ़ रहा है, दक्षिण भारत से उठने वाली नमीयुक्त हवाएं अब तेजी से उत्तर की ओर बढ़ रही हैं। इसका असर यह है कि आने वाले एक-दो दिनों में उत्तर भारत के कई मैदानी इलाकों में बारिश की शुरुआत हो सकती है। इस बदलाव से जहां कुछ क्षेत्रों में तेज बारिश की संभावना है, वहीं अन्य जगहों पर तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
इन इलाकों में जोरदार बारिश के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक इस वक्त दक्षिण भारत के कई हिस्सों में अच्छी बारिश हो रही है, जिससे वहां गर्मी से राहत मिली है। पूर्वोत्तर राज्यों में भी प्री-मानसून गतिविधियां जोरों पर हैं। अरुणाचल प्रदेश, असम, त्रिपुरा, सिक्किम और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में बीते कई दिनों से बारिश हो रही है। मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि यह परिस्थितियाँ मानसून की गति को और तेज कर सकती हैं।
इन इलाकों में भीषण गर्मी
हालांकि, देश के कई अन्य हिस्से अभी भीषण गर्मी से जूझ रहे हैं। राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड, गुजरात और तेलंगाना जैसे राज्यों में अधिकतम तापमान 42 से 45 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया है। दिल्ली भी इस गर्मी से अछूती नहीं रही है। वहीं, हरियाणा, पंजाब और जम्मू-कश्मीर में हुई प्री-मानसून बारिश ने लोगों को कुछ राहत जरूर दी है।
यहां लू बढ़ा सकती है मुश्किल
भारत मौसम विभाग (आईएमडी) ने उत्तर-पश्चिमी भारत के कई जिलों में लू की चेतावनी जारी की है। राजस्थान के कुछ इलाकों में रविवार की शाम धूल भरी आंधी देखी गई, जिसकी दिशा पूर्व की ओर मानी जा रही है। इसका असर दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक भी पहुंच सकता है। आईएमडी के अनुसार, इन इलाकों में धूल भरी आंधी के साथ हल्की बारिश की संभावना बन रही है, जिससे सोमवार से मौसम में बदलाव संभव है।
समय से पहले दस्तक दे सकता है मानसून
इस वर्ष मानसून समय से पहले दस्तक देने को तैयार है। मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है कि 27 मई तक मानसून केरल के तटीय क्षेत्रों में पहुंच सकता है। अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में सक्रिय सिस्टम के चलते मानसून की रफ्तार बढ़ी है। यदि यह अनुमान सही साबित होता है, तो यह भारत में मानसून के तय समय से पहले पहुंचने का संकेत है, जो किसानों और जलस्रोतों के लिए अच्छी खबर हो सकती है।
अभी देश के कुछ हिस्सों में जहां भीषण गर्मी का दौर जारी है, वहीं दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत के लोग मौसम की कृपा का आनंद ले रहे हैं। आने वाले कुछ दिनों में उत्तर भारत में भी राहत मिलने की पूरी संभावना है, जिससे उम्मीद की जा सकती है कि प्रचंड गर्मी से जूझ रही जनता को राहत की सांस मिलेगी। मानसून की समय से पहले दस्तक कृषि क्षेत्र के लिए भी वरदान साबित हो सकती है।
यह भी पढ़ें - Jammu Kashmir: शोपियां से दबोचे गए आतंकियों के दो मददगार, भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद